सेवा पखवाड़ा में प्रबुद्ध वर्ग संवाद : अमर अग्रवाल बोले- मोदी विज़न 2047 देश को नई दिशा देगा

 




कोरबा 21 सितम्बर 2025 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इस अवसर पर शनिवार को आशीर्वाद प्वाइंट, टीपी नगर कोरबा में प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने हिस्सा लिया।


भारत तेज़ी से विकास की राह पर - अमर अग्रवाल

अपने संबोधन में अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत @2047 विज़न केवल सपना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त संकल्प है। आधारभूत ढांचा, डिजिटल इंडिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भर उद्योगों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत नींव रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना और पारदर्शी शासन व्यवस्था ने भारत को उपभोक्ता से उत्पादक और निर्यातक देश बना दिया है।



विश्व की निगाहें भारत पर - लखनलाल देवांगन

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को आशा की दृष्टि से देख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ग के उत्थान के लिए जो योजनाएं लागू की हैं, उनका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।


सेवा पखवाड़ा समाज के प्रति जिम्मेदारी - गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा और समर्पण की भावना के साथ प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करें।


कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, संयोजक डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश मंत्री रितू चौरसिया, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, योगेश जैन, अशोक चावलानी, पवन गर्ग समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।