छत्तीसगढ़ को मिला नया मुख्य सचिव : विकास शील संभालेंगे जिम्मेदारी

 



रायपुर, 26 सितम्बर 2025 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ प्रशासन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह 1994 बैच के आईएएस अफसर विकास शील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर उन्हें एशियाई विकास बैंक (ADB), मनीला से वापस बुलाया गया है।

विकास शील का प्रशासनिक अनुभव बेहद व्यापक रहा है। रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में कलेक्टर की जिम्मेदारी संभालने से लेकर उद्योग, वित्त, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उन्होंने अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ी है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय में वरिष्ठ पदों पर काम किया। खासकर जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी भूमिका को सराहना मिली। मार्च 2025 में केंद्र सरकार ने उन्हें Secretary/Secretary-equivalent ग्रेड के लिए एंपैनल किया, जो उनके अनुभव और वरिष्ठता को दर्शाता है।

नई जिम्मेदारी के साथ उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे राज्य प्रशासन में पारदर्शिता और नई ऊर्जा लाएँगे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकास योजनाओं को गति प्रदान करेंगे।