रायपुर 27 अक्टूबर 2025 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना के एक दिन बाद सोमवार को प्रतिमा को दोबारा पूरे सम्मान के साथ स्थापित कर दिया गया। प्रतिमा को खंडित करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को उखाड़ दिया था। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया था। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना सहित कई सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
हमारे न्यूज़ ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें..https://chat.whatsapp.com/EQyKr4r8ZZE9wqyI6SbXok?mode=wwt
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि इस कृत्य में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए नई प्रतिमा की पुनः स्थापना करा दी है। वहीं, पुलिस ने लगातार खोजबीन के बाद आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ को देवी स्वरूपा माना जाता है। यहां लोग उन्हें धन-धान्य की देवी के समान पूजते हैं। ऐसे में प्रतिमा के साथ हुई यह तोड़फोड़ छत्तीसगढ़ की अस्मिता और जनभावनाओं को गहराई से आहत करने वाली घटना के रूप में देखी जा रही है।
