हत्या अपडेट: भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड: साजिशकर्ता और मुख्य हमलावर गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद

 


कोरबा 23 दिसम्बर 2025 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। वरिष्ठ भाजपा नेता व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। धारदार चाकू और टंगिया से की गई इस जघन्य वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के घटनास्थल निरीक्षण और मार्गदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं कटघोरा थाना अंतर्गत जटगा पुलिस सहायता केंद्र में डेरा डालकर जांच की कमान संभाले हुए हैं।

एसपी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम को अहम सुराग मिले हैं, जिससे पूरा घटनाक्रम लगभग स्पष्ट हो चुका है। प्रारंभिक जांच में यह मामला राजनीतिक रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

पांच लोगों की भूमिका उजागर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है। टंगिया से जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में है। वहीं, उसके साथ वाहन में घटनास्थल तक पहुंचे और चाकू से हमला करने वाले तीन अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। हत्या की साजिश रचने वाला मुख्य षड्यंत्रकर्ता भी पुलिस की गिरफ्त में बताया जा रहा है।

वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया वाहन मुख्य साजिशकर्ता द्वारा कुछ समय पूर्व एक ग्रामीण से खरीदा गया था। पुलिस ने उक्त वाहन को बरामद कर लिया है, जिससे जांच को और मजबूती मिली है।

कटघोरा में तनावपूर्ण माहौल, पुलिस सतर्क

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला लगभग सुलझ चुका है और शीघ्र ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। दूसरी ओर, घटना के बाद से कटघोरा क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।

स्वर्गीय अक्षय गर्ग का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 10 बजे कटघोरा के मलदा घाट मुक्तिधाम में किया जाएगा। हत्याकांड को लेकर न सिर्फ कटघोरा बल्कि पूरे जिले में शोक और आक्रोश व्याप्त है।