मैनपाट के टाइगर पॉइंट पर आधी रात भीषण आग, दर्जनभर दुकानें जलकर खाक

 

सरगुजा 21 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल मैनपाट के टाइगर पॉइंट पर शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास बनी झोपड़ीनुमा करीब दर्जनभर दुकानें कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने तुरंत बाल्टियों और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकानों में रखा खाद्य सामग्री, कपड़े, सजावटी सामान और दैनिक उपयोग का पूरा स्टॉक जल चुका था।

छोटे व्यापारियों की आजीविका पर संकट

घटना में प्रभावित अधिकांश दुकानें स्थानीय छोटे व्यापारियों की बताई जा रही हैं, जो पर्यटन सीजन में दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस आगजनी से उन्हें लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शॉर्ट सर्किट या लापरवाही जैसी संभावनाओं पर जांच की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2