बिलासपुर 18 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सराफा व्यापारी से दिनदहाड़े बड़ी लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर कट्टे की नोक पर लूट को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घर लौटते वक्त रोकी कार, फिल्मी अंदाज में वारदात
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात संतोष तिवारी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे राजकिशोर नगर स्थित महावीर सिटी के पास पहुंचे, तभी बाइक और कार में सवार नकाबपोश हमलावर वहां आ धमके।
बदमाशों ने अपनी गाड़ी अड़ाकर उनकी कार रोक ली और उन्हें जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग की और हथियार के हत्थे से सिर पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में ही बदमाशों ने उनसे गहनों से भरा बैग छीन लिया और उनकी कार लेकर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि हमलावर अपनी वैन और बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर व्यापारी की कार और ज्वेलरी बैग लेकर भाग निकले।
अस्पताल में इलाज जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
CCTV में कैद हुई वारदात, शहर में नाकेबंदी
पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस टीम घटनास्थल पर तैनात कर दी गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

