कोरबा 18 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधपाली में बुधवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब गोठान के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बहादुर सिंह अगरिया (लगभग 50 वर्ष) निवासी बांधपाली के रूप में हुई है।
सुबह ग्रामीण जब रोजमर्रा के काम से बाहर निकले, तो उन्होंने गोठान के पास शव पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक के चेहरे पर जलन जैसे निशान दिखाई दे रहे थे, जबकि एक पैर भी टूटा हुआ नजर आया। शव की हालत को देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। लोगों का कहना है कि संभवतः किसी ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया है। हालांकि यह भी संभावना जताई जा रही है कि मामला किसी दुर्घटना का हो सकता है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

