छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर पुलिस की दबिश, 171 मवेशियों के साथ 9 तस्कर पकड़े गए

 

बीजापुर 10 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में थाना भोपालपट्नम पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 171 मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के पास उल्लूर घाटी-चिल्लामरका जंगल के पहाड़ी रास्ते पर की गई, जहां तस्कर मवेशियों को हांककर तेलंगाना की ओर ले जा रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के रास्ते मवेशियों को तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना भोपालपट्नम की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम-पता बताया, लेकिन उनके पास मवेशियों के स्वामित्व या परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में कुल 171 मवेशियों को बरामद किया गया।

तीन राज्यों के निकले आरोपी

पुलिस ने इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 आरोपी तेलंगाना, 5 महाराष्ट्र और 1 बीजापुर जिले का निवासी बताया गया है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2011 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

गौठान में रखे गए मुक्त कराए गए मवेशी

पुलिस द्वारा मुक्त कराए गए 171 मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए नगर पंचायत भोपालपट्नम के गौठान में रखा गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। वहीं पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती और ग्रामीण इलाकों में सक्रिय पशु तस्करी गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए गश्त बढ़ाने के साथ-साथ मुखबिरों से भी लगातार सूचना जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता और अवैध तस्करी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों में राहत की भावना देखी जा रही है, क्योंकि कृषि पशु उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण आधार माने जाते हैं।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2