जशपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 6 की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

 

जशपुर 6 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।

कुरडेग से कुनकुरी जा रही थी अनमोल बस

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी के बीच चलने वाली अनमोल बस शुक्रवार सुबह अपने नियमित रूट पर रवाना हुई थी। सुबह लगभग 10 बजे बस तपकरा थाना क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के पास पहुंची ही थी कि पुल के नजदीक अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और बस सड़क पर पलट गई।

बस के नीचे दबने से यात्रियों की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पलटते ही कई यात्री उसके नीचे दब गए। मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल कुनकुरी अस्पताल व जिला अस्पताल भेजा गया।

इधर, सीएम कैंप कार्यालय बगिया ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश जारी किए हैं। सीएम हाउस बगिया के निर्देश पर तीन अतिरिक्त एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भेजी गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2