KORBA: 11वीं की छात्रा फांसी पर झूलती मिली, सुसाइड नोट से खुलेंगे राज

 

कोरबा 3 मार्च 2026(नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान शहर के सेंट जेवियर स्कूल, कोरबा की कक्षा 11वीं की छात्रा के रूप में हुई है। वह बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक की भांजी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मामा के घर में रह रही थी। वह मूल रूप से कटघोरा के अमरपुर की निवासी थी।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। जांच के हित में इसकी सामग्री गोपनीय रखी गई है।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा के कान में हेडफोन लगा हुआ था। मोबाइल के कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2