कोरबा 6 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत 8 मार्च 2026, रविवार को निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय (दुकान क्रमांक 10-11), महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में महिलाओं एवं युवतियों के लिए निःशुल्क हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप जांच और रक्त शर्करा जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही महिलाओं को ऊर्जा प्रदान करने एवं कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष “ऊर्जा क्वाथ” भी निःशुल्क पिलाया जाएगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा एवं स्वयं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं देंगे।
शिविर में कैंसर, मधुमेह, थायरॉइड, ब्लड प्रेशर, श्वास रोग, टीबी, लकवा, साइटिका, ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया, पथरी, पीलिया, माइग्रेन, डिप्रेशन, अनिद्रा, अम्लपित्त, बवासीर, भगंदर, गैस, दुर्बलता, बांझपन, श्वेत प्रदर, हृदय रोग, चर्म रोग, सोरायसिस, एक्जिमा, शीतपित्त सहित महिलाओं के विभिन्न सामान्य एवं जटिल रोगों का परीक्षण कर आयुर्वेदिक उपचार व परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही रोगियों को योगाभ्यास, प्राणायाम, दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा आहार-विहार से संबंधित उपयोगी सलाह भी दी जाएगी।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से अपील की है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर में पंजीयन एवं समय निर्धारण के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है, जिससे आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

