कोरबा, 2 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। 1 मार्च को पूर्व मंत्री एवं लोकप्रिय जननेता जयसिंह अग्रवाल का जन्मदिन शनिवार को शहर में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। स्वर्ण सिटी स्थित उनके निवास पर आयोजित समारोह जनसैलाब और आत्मीयता का अद्भुत संगम बन गया, जहाँ हजारों की संख्या में आमजन, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। दिनभर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा और “जयसिंह अग्रवाल” को बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ती रही।
जन्मदिन के अवसर पर श्री अग्रवाल ने दिन की शुरुआत धार्मिक आस्था के साथ की। उन्होंने धर्मपत्नी श्रीमती रेणु अग्रवाल के साथ मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात वे प्रशांति वृद्ध आश्रम पहुंचे, जहाँ वृद्धजनों को वस्त्र एवं फल वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद श्री अग्रवाल एसईसीएल कोरबा के सुभाष ब्लॉक स्थित मां काली मंदिर कालीबाड़ी में पूजा-अर्चना कर स्वर्ण सिटी स्थित अपने निवास पहुंचे, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी उपस्थित होकर उन्हें दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामनाएँ दीं। समर्थकों ने उनके जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया।
श्री अग्रवाल ने जन्मदिन पर शुभकामनाएँ देने पहुंचे सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का अपार स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने क्षेत्र की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया तथा सभी शुभचिंतकों के सहयोग और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।



