छत्तीसगढ़ में मतांतरण का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, मिशनरी कमांडर चाको गिरफ्तार; सरगुजा-बस्तर तक फैलाया था जाल

 

राजनांदगांव 22 मार्च  2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में अवैध मिशनरी आश्रम संचालित करने के आरोप में पुलिस ने डेविड चाको को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। करीब ढाई महीने तक चली जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने यह कार्रवाई की। छह जनवरी को चाको के मिशनरी मुख्यालय का खुलासा हुआ था, जहां नाबालिग बच्चों को अवैध रूप से रखने की पुष्टि हुई थी।

इस मामले में आठ जनवरी को हिंदू जागरण मंच के सुशील लड्ढा की शिकायत पर चाको के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि चाको मतांतरण से जुड़े मिशनरी नेटवर्क में एक अहम भूमिका निभा रहा था और वह इंडिया पेंटाकोस्टल चर्च (आईपीसी) से जुड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, चाको वर्ष 1996 में छत्तीसगढ़ आया था और 2006 में पास्टर बना। इसके बाद उसने सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों में अपना नेटवर्क फैलाते हुए राजनांदगांव को अपना प्रमुख ठिकाना बना लिया।

आईपीएस वैशाली जैन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच की, जिसमें कई संदिग्ध दस्तावेज और सामग्री बरामद की गई। जांच के दौरान चाको के पास से कोड नेम, पाल और ट्रैवल वाउचर भी मिले, जिनका उपयोग मिशनरी गतिविधियों में किया जाता था।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के अनुसार, चाको से जुड़े विदेशी फंडिंग के स्रोत और उसके लेन-देन की जांच जारी है। साथ ही चर्च के संचालन और वित्तीय प्रबंधन की भी गहन पड़ताल की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2