ज्वार की आड़ में अफीम की खेती, दुर्ग पुलिस ने डेढ़ एकड़ फसल की जब्त

 

दुर्ग 7 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में बढ़ते नशे के कारोबार के बीच दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पहली बार अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ एकड़ में लगी अफीम की फसल को जब्त कर लिया है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह मामला जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में छापा मारा।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि करीब डेढ़ एकड़ जमीन में अफीम की फसल उगाई गई थी। इस खेती को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर ज्वार बोई गई थी, ताकि किसी को शक न हो सके। ज्वार की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे।

लीज पर लेकर की जा रही थी खेती

पुलिस ने जांच के दौरान खेत के मालिक से पूछताछ की। मालिक ने बताया कि उसने अपनी जमीन लीज पर दी थी और उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि खेत में अफीम की खेती की जा रही है। खेत में काम करने वाले मजदूर मध्यप्रदेश के खंडवा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने विनायक ताम्रकार नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अफीम की फसल मिलने के बाद मौके पर तहसीलदार और आरआई को भी बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या खेत के पास जमा हो गई।

एएसपी का बयान

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2