रायपुर 26 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। रतन लाल डांगी को पुलिस विभाग से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर उनके आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। इस संबंध में विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पद पर पदस्थ रहते हुए रतन लाल डांगी पर अपने पद के अनुरूप आचरण नहीं करने, अशोभनीय एवं नैतिकता के प्रतिकूल व्यवहार करने तथा पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने के आरोप लगे हैं। साथ ही, उनके द्वारा स्थापित सामाजिक एवं सांस्कृतिक मानकों का उल्लंघन किया जाना भी प्रथम दृष्टया सामने आया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला तब सामने आया जब उनके आपत्तिजनक फोटो इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। इस घटना के बाद आमजन में पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचने की बात भी कही गई है।
प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि उक्त कृत्य अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के नियम 3(1-क)(i), 3(2-ख)(vii) एवं नियम 17-क (दो) का उल्लंघन करता है। विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, रतन लाल डांगी के विरुद्ध विस्तृत अनुशासनात्मक जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, जिसमें तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



