KORBA; जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, चौकीदार से मारपीट, भाजपा नेता एवं बेटे पर लगे गंभीर आरोप

 

कोरबा 26 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के कुदुरमाल स्थित सागौन बाड़ी को लेकर एक गंभीर विवाद सामने आया है, जिसमें चौकीदार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला उजागर हुआ है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा शहर के टीपी नगर निवासी एवं निहारिका स्थित ममता स्टील के संचालक किशोर कुमार अग्रवाल (उम्र 51 वर्ष) ने 3 मार्च 2026 को इस मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया है कि 13 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे, कुदुरमाल स्थित उनकी सागौन बाड़ी में ड्यूटी कर रहे चौकीदार बुधवार सिंह कंवर के पास तीन व्यक्ति पहुंचे और उसे काम छोड़ने की धमकी देने लगे।

आरोप है कि आरोपियों—शिवम पांडे, संतराम साहू एवं एक अन्य व्यक्ति—ने चौकीदार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन एक अन्य स्थान पर ले जाया गया, जहां कथित रूप से “बड़े महाराज” कहे जाने वाले देवेंद्र पांडे के सामने पेश किया गया। वहां देवेंद्र पांडे ने चौकीदार को धमकाते हुए कहा कि यह उनका क्षेत्र है और यहां कोई काम नहीं कर सकता, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा।

घटना से भयभीत चौकीदार बुधवार सिंह कंवर ने काम छोड़ दिया और उरगा थाने में अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं सागौन बाड़ी के मालिक किशोर अग्रवाल ने भी थाने में अलग से शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व 30 जनवरी 2026 को शासकीय जमीन पर कथित कब्जे को लेकर कलेक्टर कोरबा के समक्ष शिकायत की गई थी, जिसकी रंजिश में यह घटना घटित हुई है। बताया जा रहा है कि सागौन बाड़ी के सामने स्थित शासकीय भूमि और गौशाला क्षेत्र पर भी कब्जे का आरोप है।

गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से कई तरह की आशंकाएं जन्म ले रही हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी पक्ष के राजनीतिक प्रभाव के चलते कार्रवाई में देरी हो रही है।

हालांकि, जिले के पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी ऐसे मामलों को लेकर संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पूरा मामला उनके संज्ञान में आने के बाद नियमानुसार जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करती है।



Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2