KORBA; फाटक पार करने की जल्दबाज़ी बनी जानलेवा, बारूद से भरे वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत

 

कोरबा 28 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जहां रेलवे फाटक पार करने की जल्दबाज़ी एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गई। दादर निवासी 58 वर्षीय हनुमानदिन प्रजापति नवरात्रि पूजा का प्रसाद लेकर सीतामढ़ी स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर रेलवे फाटक पर यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाटक खुला होने पर हनुमान प्रजापति उसे पार करने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक फाटक बंद होने लगा। इसी दौरान पास से गुजर रहा बारूद से लदा एक तेज़ रफ्तार वाहन भी फाटक पार करने के प्रयास में था, जिसने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हनुमान प्रजापति फाटक के समीप गड्ढे में गिर गए और वाहन के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में भारी मात्रा में विस्फोटक (बारूद) लदा हुआ था, जो नागपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा था और एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है। विस्फोटक पदार्थों के परिवहन के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन किया जाना अनिवार्य होता है, खासकर आबादी वाले क्षेत्रों में।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख रेलवे फाटक—मानिकपुर समेत अन्य स्थानों—पर अक्सर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। फाटक खुलते ही लोगों में जल्दबाज़ी में पार करने की होड़ लग जाती है, जिससे ऐसे हादसे होते रहते हैं।

नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम हो सके और ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश बना हुआ है।



Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2