KORBA: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से पकड़ा गया लहराकर वाहन चलाने वाला चालक, पुलिस ने ठोका जुर्माना

 

कोरबा 7 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बीच सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालक को आखिरकार पुलिस ने तलाश कर लिया। उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया है।

मिली जानकारी के अनुसार एक पिकअप गाड़ी (टाटा मैजिक) का चालक कुछ दिन पहले टी.पी. नगर से पावर हाउस रोड की ओर जाते समय अति व्यस्त सड़क पर लहराते हुए वाहन चला रहा था। इस दौरान उसकी खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी के निर्देश और मार्गदर्शन में यातायात एएसआई मनोज राठौर व उनकी टीम ने वाहन की तलाश कर उसे जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की। एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि वाहन क्रमांक CG 12 BM 5368 के चालक मनीष तिवारी पिता नरेंद्र तिवारी, निवासी सीतामणी के खिलाफ यातायात थाना में मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 4500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जुर्माने में खतरनाक ड्राइविंग के लिए 2000 रुपये, वाहन में बहुरंगी लाइट लगाने पर 2000 रुपये तथा सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने पर 500 रुपये का चालान किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि सड़कें सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए होती हैं, किसी प्रकार के स्टंट के लिए नहीं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2