कोरबा 09 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए जिला कोरबा की नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश नेतृत्व की सहमति और जिला संगठन की अनुशंसा के बाद पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों और मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की गई है।
प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति तथा भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल तिकारिया के अनुमोदन के बाद यह घोषणा की गई। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा ने जिला कोरबा की नई टीम घोषित की।
इसी क्रम में सक्रिय युवा कार्यकर्ता निहाल सोनी को कोसाबाड़ी मंडल का भाजयुमो अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। निहाल सोनी छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से लंबे समय तक जुड़े रहे हैं और संगठन में पूर्व जिला सह-योजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
एबीवीपी से निकलकर उन्होंने युवामोर्चा में सक्रिय राजनीति के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता, युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजयुमो की नई टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। निहाल सोनी की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार नई टीम के गठन के बाद जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने तथा युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जाएगा।

