कोरबा 25 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रेलर को खाली करते समय अचानक उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में 25 वर्षीय मजदूर समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पास ही खड़े ट्रेलर की स्टेपनी बदल रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। मृतक मूल रूप से बिहार का निवासी था और कोरबा में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद साइट पर मौजूद मजदूरों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह हादसा स्पष्ट रूप से लापरवाही का नतीजा है, क्योंकि घटना के समय साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं थे और वाहन को बिना निगरानी के खाली कराया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिनके कोरबा पहुंचने की जानकारी मिली है।
मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय अचानक यह हादसा हुआ। वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने प्रशासन से घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की मांग की है।


