कोरबा 19 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। बालको क्षेत्र में बिजली गुल होने की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर रात के समय बिजली बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
जानकारी के अनुसार, बालको सब स्टेशन में रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान मात्र 2 लाइनमैन ही तैनात हैं, जबकि इस क्षेत्र का विद्युत लोड पहले की तुलना में काफी बढ़ चुका है। इसी सब स्टेशन से करीब 10 से 11 ग्राम पंचायतों को बिजली आपूर्ति की जाती है, जिससे इसका कार्यक्षेत्र अत्यधिक विस्तृत हो गया है।
ऐसी स्थिति में सीमित स्टाफ के भरोसे बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टाफ की कमी के कारण फॉल्ट सुधार में देरी होती है, जिससे लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है। यह स्थिति कहीं न कहीं बिजली विभाग की लापरवाही और संसाधनों की कमी को दर्शाती है।
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के बावजूद विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में लाइनमैन की नियुक्ति नहीं की जा रही है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यहां कम से कम 6 से 7 लाइनमैन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
👉 स्थानीय लोगों की मांग:
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि बालको सब स्टेशन में जल्द से जल्द अतिरिक्त लाइनमैन की तैनाती की जाए, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल रह सके और लोगों को राहत मिल सके।

