चांपा BREAKING: कांग्रेस नेता के घर फायरिंग: ताबड़तोड़ गोलियों से एक युवक की मौत, दूसरा घायल, पूरे क्षेत्र में दहशत

 

जांजगीर-चांपा 24 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के ग्राम करही में देर रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट का प्रयास किया और विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश कांग्रेस नेता एवं ब्लॉक उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार को निशाना बनाते हुए लूट की कोशिश की और विरोध करने पर गोलियां चला दीं।

फायरिंग के दौरान बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, और फिलहाल उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न बुला सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल व परिजनों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली। फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2