कोरबा 6 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में पिछले 2-3 महीनों से राशन वितरण व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद बांकीमोगरा वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास द्वारा खाद्य अधिकारी को लिखित शिकायत की गई थी, जिसमें बताया गया कि कई हितग्राहियों को लगातार राशन से वंचित रहना पड़ रहा है।
शिकायत में उल्लेख किया गया कि बांकीमोंगरा, पोड़ी-उपरोड़ा एवं कोरबा शहरी क्षेत्र में लगभग 20-30 प्रतिशत हितग्राही पिछले 2-3 महीनों से राशन नहीं प्राप्त कर सके हैं। लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे गरीब वर्ग के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। शिकायत में इस पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर (खाद्य शाखा), कोरबा कार्यालय द्वारा जवाब जारी किया गया। जारी पत्र के अनुसार जनवरी और फरवरी 2026 के अतिरिक्त राशन के वितरण हेतु मार्च 2026 में सभी उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए गए थे। हालांकि कुछ दुकानों में समय पर वितरण नहीं हो पाने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल 2026 में ई-पॉस मशीन के माध्यम से आवश्यक प्रावधान उपलब्ध कराकर बैकलॉग राशन वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार अगले 10 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने और सभी हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
खाद्य अधिकारी, जिला कोरबा ने आश्वासन दिया है कि जिन हितग्राहियों को पूर्व में राशन नहीं मिल पाया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

