कोरबा 3 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा स्थित भारतमाला मार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर से हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की सहायता से घायलों को बाहर निकाला। तत्पश्चात उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।
मृतक की पहचान अरुण कुमार यादव (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था। हादसे की सूचना मिलते ही उसके परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार तीनों युवक रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। घायलों की पहचान चंद्र प्रकाश यादव (26 वर्ष, रायपुर निवासी) और नागेंद्र साहू (30 वर्ष, सेमरा, धमतरी निवासी) के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक कंपनी के कार्य से रायपुर से कोरबा दो डंपर शिफ्ट करने जा रहे थे। इसी दौरान तरदा के समीप उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। मृतक अरुण पिछले दो वर्षों से उक्त कंपनी में कार्यरत था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

