कोरबा 8 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में लगातार चोरी की वारदात बढ़ रही है। शादी की खुशियों के बीच शहर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के CSEB कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड ASI के सूने घर को फिर से निशाना बनाते हुए अनुमानित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक़ रिटायर्ड ASI ग्लेटविन कुमार अपने बेटे की बारात लेकर परिवार सहित कोरबा से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घर से कीमती सामान सहित अनुमानित लाखों रुपये का माल लेकर फरार हो गए। चोरी का अंदाज पुराना और शातिराना है। दरवाजे की स्लेट को उखाड़कर भीतर जाने का रास्ता बनाया गया और वारदात के बाद यहीं से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आसपास के क्षेत्र में जांच की।
बता दें कि इसी घर से इसी साल जनवरी माह में भी करीब 10 लाख रुपये की चोरी की वारदात हो चुकी है। लगातार दूसरी बार चोरी होने से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फ़िलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

