जांजगीर-चांपा 03 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 27 लोग घायल हो गए। यह घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कन्नौद के पास की बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, राजधानी बस कोरबा से सरायपाली की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गई। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति को वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

