कोरिया 22 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एक्शन मोड में नजर आए। किसानों के अधिकारों और खाद वितरण व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो अधिकारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, कोरिया आयुष प्रताप सिंह को निलंबित किया गया है। वहीं सहकारी समिति जिल्दा में खाद वितरण में अनियमितता और शिकायतों के बाद प्रभारी शाखा प्रबंधक कुल्लू प्रसाद मिश्रा पर भी गाज गिरी है। उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने साफ शब्दों में कहा कि किसानों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़, भ्रष्टाचार या लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

