कोरबा 19 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में सोमवार का दिन दर्दनाक हादसों से भरा रहा। सुबह से देर रात तक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन बड़े हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। फैक्ट्री में काम के दौरान महिला मजदूर की मौत, पिकनिक से लौट रहे युवकों की ऑटो दुर्घटना और देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर ने पूरे जिले को झकझोर दिया।
फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन की सफाई के दौरान एक महिला मजदूर मशीन में दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला लंबे समय बाद काम पर लौटी थी और चालू मशीन की सफाई करते समय अचानक लीवर नीचे गिर गया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका का पति, नाबालिग बेटा अयांश और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और बच्चे के भविष्य की सुरक्षा की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे और वार्ता के बाद फैक्ट्री संचालक, पुलिस और ग्रामीणों के बीच समझौता हुआ। तय हुआ कि तत्काल 75 हजार रुपये नकद सहायता दी जाएगी, दो लाख रुपये की एफडी बच्चे के नाम कराई जाएगी और 18 वर्ष की आयु तक हर माह 1500 रुपये भरण-पोषण राशि दी जाएगी। बालिग होने पर बेटे को फैक्ट्री में नौकरी देने पर भी सहमति बनी।
पिकनिक से लौट रहे युवकों की ऑटो पलटी, दो की मौत
दूसरा हादसा बालको थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरबहार के पास हुआ, जहां पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि करीब 10 युवक झोराघाट से वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार के कारण ऑटो पलट गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान खरमोर निवासी सोनू यादव और सत्यम यादव के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य युवकों को राहगीरों और साथियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
देर शाम अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला
दिनभर की घटनाओं के बाद देर शाम जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर एक और भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अरदा और चाकाबुड़ा निवासी प्रकाश और बबलू के रूप में की जा रही है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जो देर रात तक जारी रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करने वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनाकारित वाहन को अज्ञात बताया है।
सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा, कुसमुण्डा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)


