बिलासपुर 09 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिला न्यायालय बिलासपुर परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का नाड़ी परीक्षण कर स्वास्थ्य परामर्श दिया।
डॉ. शर्मा ने नाड़ी परीक्षण के माध्यम से न केवल रोगों का उपचार एवं परामर्श दिया, बल्कि लोगों को उनकी शारीरिक प्रकृति के अनुसार उचित आहार-विहार अपनाने की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित दिनचर्या और प्रकृति अनुरूप खान-पान अपनाकर व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जी सकता है।
इस विशेष आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में अश्विनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी एवं कुश गुप्ता ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया। शिविर में पहुंचे लोगों ने आयुर्वेदिक परामर्श का लाभ उठाते हुए आयोजन की सराहना की।

