कोरबा 07 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर के 90 से अधिक निगरानी और गुंडा बदमाशों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तलब कर विशेष परेड कराई गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बदमाशों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को कानून का पालन करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और थाना-चौकी स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें सुधारकर समाज से जोड़ना भी है, ताकि जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सके।

