कोरबा 21 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। नगर निगम क्षेत्र के राताखार बस्ती स्थित गणेश मंदिर चौक के पास गुरुवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू उर्फ “बरबट्टी” से जुड़े मकानों और निर्माणों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा बनाया गया, वहीं नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध निर्माण और कब्जों को लेकर की जा रही है। सुबह से ही बुलडोजर चलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हलचल का माहौल बन गया। पुलिस जवान लगातार निगरानी करते नजर आए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
सूत्रों के मुताबिक मुकेश साहू उर्फ “बरबट्टी” फिलहाल जिले से बाहर बताया जा रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया है। हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी मुकेश साहू से जुड़े कबाड़ ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद आगे भी सख्त कदम उठाने के संकेत दिए गए थे। ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अवैध कब्जा और अतिक्रमण कर रहने वालों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

