KORBA: गुरसिया पंचायत में 40 लाख घोटाले का आरोप, जांच टीम गठित

 

कोरबा 18 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया एक बार फिर विवादों में घिर गई है। पंचायत के पंचों और ग्रामीणों ने जिला जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर सरपंच पर करीब 40 लाख रुपए की शासकीय राशि में अनियमितता और गबन का आरोप लगाया है। मामले को गंभीर मानते हुए जनपद पंचायत ने जांच दल गठित कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में स्वीकृत कई निर्माण कार्यों की राशि निकाल ली गई, लेकिन धरातल पर काम शुरू तक नहीं हुआ। शिकायत में पांच आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान भवन, माध्यमिक शाला भवन, प्रयोगशाला भवन तथा कला एवं संस्कृति भवन के निर्माण कार्य प्रभावित होने की बात कही गई है। बताया गया कि पूर्व सरपंच कार्यकाल में शुरू हुए निर्माण कार्यों की दूसरी किश्त के लगभग 15 लाख रुपए भी आहरित कर लिए गए, लेकिन मजदूरों और संबंधित पक्षों को भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते कई निर्माण अधूरे पड़े हैं और पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक आंगनबाड़ी भवन निर्माण में पुराने और जर्जर भवनों से निकाली गई ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। वहीं सरपंच पति पर ग्रामीणों को धमकाने और सवाल उठाने वालों को एक्ट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की चेतावनी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि दबाव के कारण कई पंच खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं।

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक गठित जांच दल 20 मई 2026 को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत गुरसिया पहुंचकर मामले की जांच करेगा। पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों को बचत पासबुक, चेकबुक, बिल-वाउचर, रोकड़वाही पंजी, ग्रामसभा बैठक पंजी समेत निर्माण कार्यों से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में अनुपस्थित रहने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। जांच दल में उप अभियंता रवि पद्माकर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी रामकुमार लकड़ा और सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक एवं कराधान अधिकारी एस.पी. धुवे को शामिल किया गया है। अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और संभावित कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी हुई है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2