KORBA: निर्माणाधीन रेलवे लाइन से 42 लाख के 102 विद्युत खंभे चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

 

कोरबा 14 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे लाइन से लाखों रुपए के रेलवे विद्युत खंभों की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। कोरबा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने गैस कटर की मदद से रेलवे के विद्युत खंभों को काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए 102 विद्युत खंभों की कीमत करीब 42 लाख रुपए आंकी गई है।

जानकारी के मुताबिक, आर एस इन्फा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सुरकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल कार्य किया जा रहा था। कार्य के लिए लाए गए विद्युत खंभों को बांकी 04 नंबर बायपास रोड स्थित बैचिंग प्लांट के पास रखा गया था। मिलान के दौरान 102 खंभे गायब मिले, जिसके बाद मामले की शिकायत बांकीमोंगरा थाने में दर्ज कराई गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को अकलतरा क्षेत्र में चोरी किए गए खंभों के कटे हुए टुकड़े और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि बांकीमोंगरा निवासी निगरानी बदमाश धरम सिंह राजपूत और कुसमुण्डा निवासी फिरोज उर्फ राजा खान इस चोरी में शामिल थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलेंडर और गैस कटर भी जप्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2