KORBA BREAKING: कोहड़िया नाला किनारे युवक की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

 

कोरबा 10 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया नाला के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नाले किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बसंत पटेल निवासी बारमपुर के रूप में हुई है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2