KORBA: ट्रेलर की चपेट में आने से SECL कर्मी की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश

 

कोरबा 10 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क की बदहाल स्थिति ने एक SECL कर्मी की जान ले ली। भुट्टा चौक पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे और बाहर निकली लोहे की रॉड लंबे समय से दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक लापरवाह बना हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक बांकी मोगरा निवासी दुखीराम रोज की तरह दोपहिया वाहन से इमली छापर चौक होते हुए कुसमुंडा खदान ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह भुट्टा चौक पहुंचे, सड़क पर बने बड़े गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी दौरान पास से गुजर रहे ट्रेलर क्रमांक CG 12 8538 की चपेट में आने से वह बाइक समेत पहियों के नीचे जा फंसे।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर ट्रेलर चालक ने वाहन रोका, जिसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायल कर्मी को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल कुसमुंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लगातार हादसों से लोगों में नाराजगी

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुसमुंडा क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जबकि कई परिवार अपनों को खो चुके हैं। ताजा घटना के बाद लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द सड़क मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2