कोरबा 18 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र स्थित कोरई बस्तीपारा में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय किशन कुमार के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि किशन का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों की शादी को तीन साल हो चुके थे, लेकिन पारिवारिक कलह के कारण पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, विवादों के चलते किशन तनाव में रहने लगा था और शराब पीने का आदी हो गया था।
रविवार रात वह रोज की तरह काम से घर लौटा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर घरवालों ने कमरे में जाकर देखा, जहां वह फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

