जांजगीर; खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का शिकंजा, 360 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट जब्त, गोदाम सीलबंद

 

जांजगीर-चांपा 03 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित वितरण के खिलाफ कृषि विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट उर्वरक जब्त किया है। यह कार्रवाई उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा के निर्देश पर विकासखंड अकलतरा के ग्राम सोनडीह स्थित मेसर्स ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र में की गई।

मिली गुप्त सूचना के आधार पर 3 जून 2026 को कृषि विभाग की निरीक्षण टीम ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कृषि केन्द्र द्वारा बिना बिल, बिना रजिस्टर में प्रविष्टि और बिना पीओएस मशीन के उर्वरक का विक्रय किया जा रहा था, जो उर्वरक वितरण नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

अनियमितता की पुष्टि होने पर उर्वरक निरीक्षक दल ने उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट (मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड) को जब्त कर लिया तथा प्रतिष्ठान के गोदाम को सीलबंद कर दिया। कार्रवाई में प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक श्री ए.के. जाटव, श्री पी.आर. काटले तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री विकास मिश्रा शामिल रहे।

उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग लगातार सख्त निगरानी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2