👉 निजी तौर पर काम पर लगाए जाने का आरोप, सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बड़ा हादसा
कोरबा 28 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। 11 केवी विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक अक्षय कुमार यादव (37 वर्ष), निवासी भालूसटका, जिला कोरबा, विद्युत लाइन पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को विभागीय कर्मचारी द्वारा निजी तौर पर मजदूरी पर लगाया गया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने संवेदनशील और जोखिम भरे कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। युवक को न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए और न ही आवश्यक सावधानियों का पालन किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
👉 घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं—
• क्या घायल युवक अधिकृत कर्मचारी था?
• क्या उसे आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए गए थे?
• बिना सुरक्षा उपकरण के 11 केवी लाइन पर कार्य क्यों कराया गया?
• क्या विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी थी?
• हादसे के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या नहीं?
• क्या युवक किसी निजी ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत था?
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इधर, घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।

