कोरबा 05 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के थाना बांगो क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम बरौदखार में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शराब के नशे में ट्रेलर चला रहे चालक ने मुख्य मार्ग से करीब 700 मीटर अंदर स्थित कंवर बस्ती में वाहन घुसा दिया और सीधे एक मकान से जा टकराया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 12 BL 6206 का चालक संजय कुमार कंवर नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दोपहर करीब 12 बजे चालक नियंत्रण खो बैठा और मुख्य सड़क छोड़कर गांव के भीतर पहुंच गया। ट्रेलर सीधे इंद्र भुवन कंवर के कच्चे मकान में जा घुसा, जिससे मकान का छप्पर और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित थे और किसी को शारीरिक चोट नहीं पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक इतना अधिक नशे में था कि उसे यह भी एहसास नहीं हुआ कि वह मुख्य सड़क से काफी दूर गांव के अंदर पहुंच चुका है।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद जब वे चालक से बात करने पहुंचे तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद इंद्र भुवन कंवर की पुत्री प्रीति कंवर ने थाना बांगो में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक संजय कुमार कंवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 324(4), 296 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


