बिलासपुर 05 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट कहा कि सुशासन तिहार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। इसका सकारात्मक प्रभाव अब गांव-गांव और जन-जन तक दिखाई दे रहा है। शासन की योजनाएं तेजी से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और लोगों की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बिलासपुर कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में केंदीय राज्यमंत्री तोकन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सहित पांच जिलों के अधिकारियों मौजूद रहे।

