कोरबा 03 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिला के पाली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत ईरफ के उपसरपंच जयलाल सिंह को पद से हटाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस कार्रवाई से नाराज जयलाल सिंह और उनके समर्थक बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे तथा कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की मांग की।
जयलाल सिंह एवं ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने ग्राम पंचायत में सरपंच और सचिव द्वारा कथित रूप से किए गए भ्रष्टाचार की शिकायत सुशासन तिहार के दौरान की थी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद सरपंच और सचिव नाराज हो गए और उनके खिलाफ साजिश रची गई। आरोप है कि पंचायत के पंचों को गुमराह कर उपसरपंच के विरुद्ध मतदान कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें पद से हटा दिया गया।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।


