कोरबा में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर, रातभर चला सत्यापन अभियान

 

0 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की टीमों ने जिलेभर में चलाया विशेष सत्यापन अभियान

कोरबा 06 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध व्यापक रात्रिकालीन सत्यापन एवं निगरानी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की विशेष टीमों ने चिन्हित बदमाशों के निवास स्थलों एवं संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनका भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उनकी वर्तमान गतिविधियों, आवागमन, रोजगार, आय के स्रोतों तथा रहन-सहन की स्थिति की विस्तृत जानकारी जुटाई गई।

पुलिस टीमों ने उन व्यक्तियों की भी पहचान एवं जानकारी संकलित की जो पूर्व में इन बदमाशों के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं या वर्तमान में उनके संपर्क में हैं। संदिग्ध गतिविधियों, असामान्य आर्थिक स्थिति तथा अपराध की प्रवृत्ति रखने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि उनके विरुद्ध की गई वैधानिक कार्यवाहियों का पूर्ण पालन हो।

कोरबा पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है। पुलिस का यह विशेष अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2