KORBA: निगम की तोड़फोड़ के बाद काशीनगर में बढ़ा विवाद, परिवार और बच्चे को जान से मारने की धमकी

कोरबा 19 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। काशीनगर बस्ती में नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद गहरा गया है। कार्रवाई से प्रभावित लोगों में से कुछ ने मोहल्ले के दो लोगों पर उनके मकान तुड़वाने का आरोप लगाते हुए कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी दी। मामले में सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

शिकायतकर्ता शत्रुहन राठौर, निवासी पुराना काशीनगर वार्ड क्रमांक-24, ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई 2026 को नगर निगम के अतिक्रमणरोधी अमले ने मोहल्ले में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान कई मकानों पर तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच किरण देवांगन, अरुण देवांगन और शांताबाई देवांगन उनके घर पहुंचे। उस समय शत्रुहन राठौर घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि तीनों ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और कहा कि शत्रुहन राठौर तथा शिवनारायण सिंह ने उनका मकान तुड़वाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी तथा बच्चे को ट्यूशन जाते समय अकेला मिलने पर उसकी हत्या करने की धमकी भी दी।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इस दौरान नगर निगम आयुक्त के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। जब उनकी पत्नी ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट का प्रयास किया गया। शोर सुनकर शत्रुहन राठौर और मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से वहां से चले गए।

शत्रुहन राठौर का कहना है कि घटना के बाद उनका परिवार भयभीत है और बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उनकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने किरण देवांगन, अरुण देवांगन और शांताबाई देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2