कोरबा 11 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित CSEB पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत पंप हाउस कॉलोनी में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हंगामा पुलिस चौकी के मुख्य द्वार तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक पक्ष के लोगों ने खुलेआम गाली-गलौच और देख लेने की धमकी दी, जिससे मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद में राम प्रजापति नाम के युवक का नाम सामने आया है, जो पहले CSEB पुलिस चौकी में निजी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नौकरी के दौरान वह पुलिस से जुड़ाव का रौब दिखाकर लोगों को धमकाता था। शिकायतों के बाद उसे हटा दिया गया था, लेकिन उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी पुराने विवाद और आपसी रंजिश को घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
घटना के दौरान एक पक्ष ने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों ने जबरन घर में घुसकर मारपीट की और बाइक को उठाकर पटकते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरे घटनाक्रम के बाद CSEB चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
पहली एफआईआर अनीता दीवान की शिकायत पर दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा लक्की दुकान से लौटते समय हरीश राव, राम प्रजापति, पाल, कामले और अन्य लोगों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का शिकार हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य युवकों के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
दूसरी एफआईआर शिशुपाल गोंड़ की शिकायत पर दर्ज हुई, जिसमें शनि ठाकुर, हर्ष तिवारी, हितेश तिवारी, करन यादव सहित अन्य लोगों पर गाली-गलौच, मारपीट और धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
तीसरी एफआईआर संजय कामले की शिकायत पर दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप के पास शनि ठाकुर, हर्ष तिवारी और अन्य लोगों ने उन्हें हरीश का साथी बताते हुए हमला किया। मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गए।
तीनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित 115(2), 296, 3(5), 351(3) धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

