KORBA राज ज्वेलर्स लुट कांड का खुलासा: जेल के अंदर बनी दोस्ती, बाहर आकर दिया वारदात को अंजाम

 

कोरबा 7 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रकरण का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके थे। जेल के भीतर ही उनकी दोस्ती हुई और वहीं उन्होंने रिहाई के बाद ज्वैलरी दुकान में लूट की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, घटना 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे की है। राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल अपनी दुकान में अकेले मौजूद थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से तीन आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर व्यापारी की छाती पर अड़ा दिया और मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में रखे आभूषण बैग में भरने शुरू कर दिए। हालांकि बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर तीनों आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। भागते समय वे घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश कुमार ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का उपयोग कर रहे थे। पुलिस टीम ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गोपाल सिंह गोंड, परदेशी राठिया और विष्णु प्रसाद राठिया की पहचान की गई। पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी ग्राम घुचापुर एवं परदेशी राठिया (40) निवासी ग्राम जिलगा (बरपाली) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया निवासी ग्राम कोलगा अभी फरार है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जेल में सजा काटने के दौरान उनकी आपस में दोस्ती हुई थी। वहीं उन्होंने रिहाई के बाद किसी ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई। इसके लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे की व्यवस्था कर राज ज्वेलर्स, छुरी में लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

इस मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत धारा 309(6), 61(2)(क) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने इस सफल कार्रवाई का श्रेय थाना कटघोरा, साइबर पुलिस एवं विशेष टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया है, जिन्होंने लगातार तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और फील्ड ऑपरेशन के माध्यम से इस बहुचर्चित मामले का खुलासा किया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2