लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का प्रदर्शन, रैली निकाल कलेक्टोरेट पहुंचीं

 

कोरबा 28 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)।। वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने आईटीआई चौक में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले आयोजित आंदोलन में जिलेभर से कार्यकर्ता-सहायिकाएं शामिल हुईं। धरना के बाद रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वे वर्षों से बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण सहित शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक नियमित कर्मचारी का दर्जा और सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया गया है। कार्यकर्ताओं ने शासन से उनकी सेवाओं को देखते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। संयुक्त मंच की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा विभागीय सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के नियमितीकरण की प्रमुख मांग रखी गई। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं को 30 हजार और सहायिकाओं को 25,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की गई है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर सीधे पदोन्नति देने, पदोन्नति में उम्र की बाध्यता समाप्त करने, समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी और पीएफ की सुविधा देने की मांग की गई। सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति तथा सेवानिवृत्ति के समय कार्यकर्ता को पांच लाख और सहायिका को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2