जांजगीर-चांपा 10 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही 35 वर्षीय बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
मृतक की पहचान रावेंद्र मरावी (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम दिलहरण मरावी बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बेटा शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन घर में विवाद करता था। परिजनों के साथ मारपीट और लगातार होने वाले झगड़ों से परिवार परेशान था।
बताया जा रहा है कि इसी घरेलू कलह से परेशान होकर पिता ने गुस्से में आकर बेटे पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रावेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता भागने के बजाय सीधे मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

