KORBA BREAKING: दिनदहाड़े लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़ाए

 

कोरबा 5 नवम्बर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर में दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों वारदातों में शामिल मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 3 नवंबर को हुई थी। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास बाइक सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया और उनके हाथ से पर्स लूटकर फरार हो गए।

वहीं, दूसरी घटना 4 नवंबर की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।

लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए हैं, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष), पिता अमर लाल साहू, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को 5 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके दोनों नाबालिग साथियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2