बस्तर बाढ़ राहत: ओडिशा-गुजरात ने दिए ₹5-5 करोड़, मध्यप्रदेश भी भेज चुका है मदद का हाथ

 



बस्तर बाढ़ राहत: ओडिशा-गुजरात ने दिए ₹5-5 करोड़, मध्यप्रदेश भी भेज चुका है मदद का हाथ



रायपुर, 09 सितम्बर (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए देशभर से सहयोग मिल रहा है। मध्यप्रदेश और गोवा के बाद अब ओडिशा और गुजरात सरकारों ने भी आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹5-5 करोड़ की राशि प्रदान की है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को इस सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह राशि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा, “आपका यह सहयोग न सिर्फ छत्तीसगढ़ की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करेगा, बल्कि परस्पर सहयोग की एक मिसाल भी बनेगा।”




मध्यप्रदेश सरकार भी पहले ही राहत कोष में ₹5 करोड़ की राशि और राहत सामग्री भेज चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है और इस संकट की घड़ी में मध्यप्रदेश हमेशा छत्तीसगढ़ के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।