बस्तर बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

 



बस्तर संभाग, 12 सितम्बर 2025(नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)।जगदलपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर अब औद्योगिक नीति का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और खनिज संसाधनों से समृद्ध है, और अब सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक माओवाद के प्रभाव को समाप्त कर इसे मुख्यधारा में लाना है।



निवेशकों के लिए वैश्विक आकर्षण केंद्र बनेगा बस्तर:


सीएम ने बताया कि टोक्यो, ओसाका और सियोल जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों के बाद निवेशकों के लिए अब बस्तर को चुना गया है। यह कार्यक्रम राज्य को “बुलेट ट्रेन” की रफ्तार से विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित है।



6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले:


मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ का विकास तेजी से बढ़ते उद्योगों पर आधारित होगा। अब तक 6 लाख 65 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें आईटी, एआई, फार्मा, टेक्सटाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया जा रहा है।



हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र:


सरकार की योजना सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना की है। नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। साथ ही जगदलपुर समेत अन्य जिलों में भी बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।



एयरपोर्ट और रेल प्रोजेक्ट्स से होगा बस्तर का कायाकल्प:


सीएम ने कहा कि बस्तर के इन्फ्रास्ट्रक्चर में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और नई रेल परियोजनाएं भी चल रही हैं, जिससे निवेश माहौल और बेहतर होगा।



एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष सब्सिडी:


नई औद्योगिक नीति में एससी-एसटी वर्ग के उद्यमियों को 10% अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। आत्मसमर्पित नक्सलियों को रोजगार देने पर उद्यमियों को 40% वेतन सब्सिडी का लाभ मिलेगा। यह नीति स्थानीय लोगों के लिए रोजगार सृजन पर केंद्रित है।



पर्यटन को उद्योग का दर्जा, निवेशकों को 45% सब्सिडी:


सरकार ने बस्तर में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया है। पर्यटन में निवेश करने वाले उद्यमियों को 45% सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जिससे स्थानीय कारोबारियों को भी बड़ा फायदा होगा।


युवाओं के लिए नए अवसर:


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नई औद्योगिक नीति निवेशकों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इससे बस्तर के युवाओं के लिए रोजगार के असीम अवसर पैदा होंगे।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2